IND vs SA: सिर्फ 7 पारी में रिंकू सिंह ने छोड़ दी है छाप, साउथ अफ्रीका के खिलाफ अर्धशतक लगा सूर्यकुमार यादव का तोड़ा रिकॉर्ड

रिंकू सिंह को 11 मैच में 7 बार बल्लेबाजी का मौका मिला है। वह 4 बार आउट नहीं हुए हैं। सिर्फ एक बार फेल हुए हैं।

साउथ अफ्रीका के खिलाफ दूसरे टी20 में टीम इंडिया को 5 विकेट से हार का सामना करना पड़ा। इस मैच में रिंकू सिंह ने अपनी छाप छोड़ी। उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ के रहने वाले इस क्रिकेटर का टी20 इंटरनेशनल करियर सिर्फ 11 मैचों का है, लेकिन जब भी उन्हें मौका मिला उन्होंने प्रभावित किया है। दूसरे टी20 में रिंकू बल्लेबाजी करने छठे ओवर में ही आ गए थे। टीम का स्कोर 5.5 ओवर में 3 विकेट 55 रन था।

इसके बाद रिंकू सिंह ने 39 गेंद पर 9 चौके और 2 छक्के की मदद से 68 रन बनाए। टीम इंडिया को 180 रन के स्कोर तक पहुंचने में मदद की। बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने अर्धशतकीय पारी के दौरान सूर्यकुमार यादव का रिकॉर्ड तोड़ दिया। रिंकू ने टी20 इंटरनेशनल में पहली 7 पारियों में 248 रन बनाए है। सूर्यकुमार ने 243 रन बनाए थे।

रिंकू ने फिनिशर के रोल को बखूबी निभाया

भारत के लिए पहली 7 पारियों के बाद सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड गौतम गंभीर के नाम है। उनके 290 रन है। केएल राहुल का 280 रन है। वहीं दीपक हुड्डा का 274 रन है। रिंकू सिंह ने ये रन नंबर 5 और 6 पर बनाए हैं। इस पोजिशन पर बल्लेबाजी करने वाले खिलाड़ी को बहुत ज्यादा गेंद नहीं मिलता। उसे टीम की पोजिशन के हिसाब से खेलना होता है। रिंकू ने फिनिशर के रोल को बखूबी निभाया है।

रिंकू सिंह 7 पारी में सिर्फ 1 बार फेल

रिंकू सिंह के शानदार प्रदर्शन का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि 7 पारियों में सिर्फ 1 में वह फेल हुए हैं। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ आखिरी टी20 में वह 6 रन बनाकर आउट हुए। 4 पारी में वह नॉट आउट रहे हैं। साउथ अफ्रीका के खिलाफ अर्धशतक उनका टी20 करियर का पहला अर्धशतक था। उन्होंने 7 पारियों मे 248 रन 183.70 के स्ट्राइक रेट से बनाए हैं।

Leave a Comment