नौसेना में रैंक का नाम भारतीय संस्कृति के अनुसार बदलेगा, महाराष्ट्र के सिंधुदुर्ग से पीएम मोदी ने किया ऐलान

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को घोषणा की कि नौसेना भारतीय परंपराओं के अनुरूप अपने रैंक के नाम रखेगी। उन्होंने कहा कि देश गुलामी की मानसिकता को पीछे छोड़कर आगे बढ़ रहा है। पीएम मोदी महाराष्ट्र के सिंधुदुर्ग जिले में पहुंचे थे। उनके साथ रक्षामंत्री राजनाथ सिंह भी मौजूद थे।

हाइलाइट्स

  • भारतीय नौसेना दिवस पर हुआ कार्यक्रम
  • महाराष्ट्र के सिंधुदुर्ग पहुंचे पीएम मोदी
  • रक्षामंत्री राजनाथ सिंह भी रहे मौजूद
  • छत्रपति शिवाजी महाराज को भी किया याद

मुंबई: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को कहा कि सरकार सशस्त्र बलों में महिलाओं की संख्या बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। वह महाराष्ट्र के सिंधुदुर्ग जिले में आयोजित नौसेना दिवस कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। मोदी ने कहा, ‘भारत समुद्र की क्षमता का उपयोग करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। भारतीय नौसेना में रैंक का नाम भारतीय संस्कृति के अनुसार बदला जाएगा।’ पीएम मोदी ने कहा, ‘हम सशस्त्र बलों में महिलाओं की संख्या बढ़ाने पर जोर दे रहे हैं। आज, भारत अपने लिए बड़े लक्ष्य निर्धारित कर रहा है और उन लक्ष्यों को हासिल करने के लिए अपनी पूरी क्षमता का उपयोग कर रहा है।’ प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत बंदरगाह आधारित विकास को अभूतपूर्व सहयोग दे रहा है। मर्चेंट शिपिंग को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है।

महाराष्ट्र के सिंधुदुर्ग के बारे में मोदी ने कहा कि इस स्थान का छत्रपति शिवाजी महाराज के साथ घनिष्ठ संबंध है, मजबूत नौसेना के निर्माण की दिशा में उनके प्रयास सर्वविदित हैं। कार्यक्रम के दौरान रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, महाराष्ट्र के राज्यपाल रमेश बैस, मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और अजित पवार भी मौजूद रहे।

शिवाजी महाराज की प्रतिमा का किया अनावरण

नौसेना दिवस कार्यक्रम से पहले मोदी ने जिले के राजकोट किले में छत्रपति शिवाजी महाराज की एक प्रतिमा का अनावरण किया। बाद में मोदी ने तारकर्ली समुद्र तट से भारतीय नौसेना के जहाजों, पनडुब्बियों, विमानों और विशेष बलों के अभियानगत प्रदर्शन को देखा।

मोदी ने इस बात पर जोर दिया कि देश का इतिहास केवल गुलामी, पराजयों और निराशाओं के बारे में नहीं है, बल्कि इसमें भारत की जीत, साहस, ज्ञान और विज्ञान, कला और रचनात्मक कौशल और समुद्री क्षमताओं के गौरवशाली अध्याय भी शामिल हैं। उन्होंने लोथल (गुजरात) में पाए गए सिंधु घाटी सभ्यता के बंदरगाह की विरासत और सूरत के बंदरगाह में 80 से अधिक जहाजों के लंगर डालने पर प्रकाश डाला।

बीजेपी की जीत का जिक्र

पीएम ने कहा कि 140 करोड़ भारतीयों का विश्वास ही सबसे बड़ी ताकत है क्योंकि देश बड़े लक्ष्य तय कर रहा है और पूरी प्रतिबद्धता के साथ उन्हें हासिल करने के लिए काम कर रहा है। पिछले महीने जिन चार राज्यों में चुनाव हुए उनमें से बीजेपी ने मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान में जीत हासिल की। उन्होंने कहा कि संकल्पों, भावनाओं और आकांक्षाओं की एकता के सकारात्मक परिणामों की झलक दिखाई दे रही है क्योंकि विभिन्न राज्यों के लोग ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना से प्रेरित हो रहे हैं।

Leave a Comment